Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के 39वें दीक्षांत समारोह का आयोजन दिनांक 7 अप्रैल 2026 को दरभंगा कॉलेज आफ इंजीनियरिंग, दरभंगा परिसर में क्षेत्रीय केंद्र दरभंगा द्वारा गरिमामय वातावरण में संपन्न किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर रविंद्र कुमार, माननीय कुलपति नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय, नालंदा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, दरभंगा के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ आकाश अवस्थी द्वारा किया गया।


इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशिका एवं प्रमुख डॉ शालिनी ने क्षेत्रीय केंद्र दरभंगा की वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष क्षेत्रीय केंद्र दरभंगा से कुल 10371 शिक्षार्थियों को उपाधि हेतु पात्र घोषित किया गया है।

दीक्षांत समारोह के लिए कुल 374 शिक्षार्थियों को आमंत्रित किया गया था जिनमें से 200 से अधिक शिक्षार्थियों ने मुख्य अतिथि के कर कमलों से मंच पर उपाधि प्राप्त की। यह अवसर शिक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए अत्यंत गौरव एवं उत्साह का क्षण रहा।

विशेष रूप से यह उल्लेखनीय है कि एमबीए मार्केटिंग मैनेजमेंट कार्यक्रम के शिक्षार्थी श्री शशांक कुमार शर्मा को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया है उन्होंने यह स्वर्ण पदक इग्नू मुख्यालय नई दिल्ली में आयोजित 39 वें दीक्षांत समारोह में माननीय उपराष्ट्रपति महोदय के कर कमलों से प्राप्त किया।

प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए क्षेत्रीय निदेशिका ने बताया कि 38 वें दीक्षांत समारोह के पश्चात क्षेत्रीय केंद्र दरभंगा द्वारा अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त की गई। इनमें महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी में छात्र सहायता केंद्र की स्थापना, बीआर अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर में एमएससी गृह विज्ञान तथा एमबीए कंस्ट्रक्शन एवं लॉजिस्टिक्स कार्यक्रमों की स्वीकृति तथा विभिन्न अध्ययन केंद्रों में 31 नए कार्यक्रमों का संचालन प्रारंभ किया जाना प्रमुख है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में शिक्षार्थियों की समस्याओं के समाधान हेतु 44 ग्रीबांस रिड्रेसल कैंप आयोजित किए गए तथा जून एवं दिसंबर 2025 सत्रांत परीक्षाओं एवं प्रायोगिक परीक्षाओं का सफल संचालन किया गया। अध्ययन केन्द्रों की सक्रिय भागीदारी के परिणामस्वरुप नामांकन में लगभग 32 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में क्षेत्रीय केंद्र दरभंगा को विश्वविद्यालय मुख्यालय द्वारा सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय केंद्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए क्षेत्रीय निदेशिका ने बताया कि दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल तथा डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर के साथ विशेष कार्यक्रमों के संचालन हेतु समझौता प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त शाहपुर पटोरी, समस्तीपुर तथा मुजफ्फरपुर में नए अध्ययन केंद्र स्थापित करने की योजना है जिससे क्षेत्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा की पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी।

अपने दीक्षांत संबोधन में मुख्य अतिथि प्रोफेसर रविंद्र कुमार ने शिक्षार्थियों को जीवन में निरंतर सीखने रहने तथा अपने ज्ञान का उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण में करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इग्नू ने दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से शिक्षा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आगे उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी भी विद्यार्थी के जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं भावनात्मक क्षण होता है क्योंकि विद्यार्थी वर्षों की धैर्य संघर्ष एवं मेहनत के बल पर जब वह शिक्षा प्राप्त करता है तो उसके मन में एक रोमांचकारी अनुभव प्रतीत होता है। दूरस्थ शिक्षा विद्यार्थी के लिए एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। कोई भी व्यक्ति शिक्षित होकर ही देश एवं समाज के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी का निर्वहन कर सकता है।

उन्होंने इग्नू की गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री का उल्लेख करते हुए कहा कि इग्नू की अध्ययन सामग्री छात्रों को उचित मार्गदर्शन एवं सही दिशा निर्देश प्रदान करता है। आगे यह भी बताया कि जो छात्र पारंपरिक शिक्षा के अंतर्गत शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रह गए हैं मुख्य रूप से उनके लिए मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली से शिक्षा प्राप्त कर पाना सुलभ एवं सुगम हो जाता है। उन्होंने विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा से शिक्षा ग्रहण करना वरदान के रूप में साबित होने की बात कही।

डॉ धर्मशिला गुप्ता, राज्यसभा सांसद ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही जीवन आगे बढ़ता है एवं जीवन को सही दिशा देता है। जब हमारा युवा शिक्षित होता है तो हमारा घर परिवार एवं समाज शिक्षित होता है । उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले शिक्षार्थियों को शुभकामनाएं दी एवं कहा कि इसी तरह से शिक्षा प्राप्त करते रहें तथा बिहार एवं देश का मान सम्मान बढ़ाते रहें।

समारोह के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षार्थियों को विभिन्न कार्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया तथा डॉ संतन कुमार राम, क्षेत्रीय निदेशक के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर अध्ययन केंद्रों के समन्वयक, अकादमिक परामर्शदाता, शिक्षक गण, कर्मचारी गण, शिक्षार्थी एवं उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह का आयोजन अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।