Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, रिपोर्ट: नीरज कुमार राय, दरभंगा शहर में एक बार फिर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रहा है।सदर एसडीएम विकास कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में चल रहे विकास कार्यों में अवैध अतिक्रमण बड़ी बाधा बन रहा है, जिसे हटाने के लिए सोमवार से विशेष बुलडोजर अभियान शुरू किया जाएगा।

यह अभियान लोहिया चौक से पंडासराय तक बड़े पैमाने पर चलाया जाएगा। पंडासराय क्षेत्र में निर्माणाधीन आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज), सड़क चौड़ीकरण सहित अन्य विकास परियोजनाएं अतिक्रमण के कारण प्रभावित हो रही हैं। प्रशासन का कहना है कि इन कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी है।

एसडीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिन लोगों ने अब तक स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया है, वे जल्द इसे हटा लें। अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान न केवल जमीन खाली कराई जाएगी, बल्कि अवैध निर्माण को हटाने में संपत्ति को नुकसान भी हो सकता है।

प्रशासन की इस सख्ती का असर भी दिखने लगा है। कई स्थानों पर लोग खुद ही अपने स्तर से अतिक्रमण हटाते नजर आ रहे हैं, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके।

गौरतलब है कि दरभंगा में इन दिनों कई विकास योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है, लेकिन विभिन्न स्थानों पर अवैध कब्जे के कारण निर्माण कार्य बाधित हो रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है।

प्रशासन ने एक बार फिर आम जनता से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर सहयोग करें, ताकि शहर के विकास कार्यों को गति मिल सके।