#MNN24X7 दरभंगा, 07 मई, जिलाधिकारी, दरभंगा कौशल कुमार के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध मद्य निषेध विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चालू है।
इसी क्रम में मद्य निषेध विभाग, दरभंगा की टीम ने बहेड़ी थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।
सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मद्य निषेध टीम द्वारा बहेड़ी थाना अंतर्गत मौलवी गाँव में छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान एक झोपड़ी में भूसे के ढेर के नीचे छुपाकर रखी गई कुल 1147.125 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान अभियुक्त राकेश यादव, पिता– टुनटुन यादव, मौके से फरार हो गया। मद्य निषेध विभाग द्वारा फरार अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
आमजन से अपील की गई है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
