#MNN24X7 दरभंगा, 07 मई, बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत अवैध शराब के परिवहन में जप्त वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। समाहर्त्ता, दरभंगा कौशल कुमार के निर्देशानुसार उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, दरभंगा द्वारा गठित समिति के माध्यम से राज्यसात किए गए वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
सहायक आयुक्त, मद्य निषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि 30 अप्रैल एवं 07 मई 2026 को आयोजित नीलामी प्रक्रिया में कुल-16 वाहनों की नीलामी की गई। इनमें उत्पाद विभाग द्वारा जप्त 05 वाहन, पुलिस विभाग द्वारा जप्त 10 वाहन तथा खनन विभाग द्वारा जप्त 01 वाहन शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि नीलामी से कुल 21 लाख 71 हजार 750 रुपये का राजस्व संग्रहण किया गया है। उक्त राशि को सरकार की समेकित निधि में जमा कराने हेतु अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्पाद विभाग द्वारा जप्त 05 वाहनों की नीलामी से 4 लाख 89 हजार 500 रुपये, पुलिस विभाग द्वारा जप्त 10 वाहनों से 9 लाख 47 हजार 250 रुपये तथा खनन विभाग द्वारा जप्त 01 वाहन से 7 लाख 35 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
जिला प्रशासन, दरभंगा द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। साथ ही अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त वाहनों एवं संपत्तियों को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
