Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, 06 मई, जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार द्वारा आज तारडीह प्रखंड के अंतर्गत प्रस्तावित डिग्री कॉलेज निर्माण के लिए चिन्हित स्थलीय भूमि का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थल की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, उपलब्ध संसाधनों एवं अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में यह पाया गया कि वर्तमान चिन्हित स्थल पर विद्यालय भवन निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी, तारडीह को निर्देश दिया कि शीघ्र ही वैकल्पिक उपयुक्त भूमि का चयन कर प्रस्ताव प्रस्तुत करें।

जिलाधिकारी ने स्थानीय आमजनों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विकास हेतु डिग्री कॉलेज की स्थापना अत्यंत आवश्यक है, इच्छुक व्यक्ति स्वेच्छा से भूमि दान कर इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्लस टू पीएम श्री एसी उच्च विद्यालय, कुर्सों का भी निरीक्षण किया, जहाँ अस्थायी रूप से डिग्री कॉलेज संचालन प्रस्तावित है। उन्होंने विद्यालय परिसर के भवनों के रंग-रोगन, साफ-सफाई तथा चारदीवारी निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, डीसीएलआर बेनीपुर, अनुमंडल पदाधिकारी बेनीपुर,अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।