Breaking News

आरोपी गिरफ्तार, डीएमसीएच में चल रहा घायल का इलाज

#MNN24X7 दरभंगा। सिंहवाड़ा प्रखंड के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरदीपुर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक पिता ने विवाद के दौरान अपने ही पुत्र पर दबिया से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी नारायण पंडित अपनी बहन के घर मधुबनी से लौटने के बाद घर में पत्नी के साथ विवाद कर रहे थे। इसी दौरान घर में हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुंचे उनके पुत्र मिथुन पंडित पर अचानक उन्होंने दबिया से हमला कर दिया। हमले में मिथुन के गर्दन और गाल पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल सिंहवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, घायल युवक के गर्दन और गाल पर कुल 24 टांके लगाए गए हैं।

सूचना मिलते ही सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता नारायण पंडित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दबिया भी बरामद कर लिया है।

परिजनों के अनुसार, परिवार पहले से ही तनावपूर्ण स्थिति में था। करीब छह महीने पहले घर में बड़े बेटे की मृत्यु हो चुकी थी, जबकि हाल ही में 20 अप्रैल 2026 को बेटी की शादी हुई थी। इस कारण घर का माहौल पहले से ही संवेदनशील बना हुआ था।

सिमरी थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।