खुद को भी किया घायल, डीएमसीएच में भर्ती; आरोपी बोला— “पत्नी खाने में कुछ मिलाकर दे रही थी”
#MNN24X7 दरभंगा, रिपोर्ट: नीरज कुमार राय
दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनपट्टी बगाही गांव स्थित एक मुर्गी फार्म में मंगलवार की सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक मजदूर ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दालकोला जिला अंतर्गत कुंडी थाना क्षेत्र निवासी फूल कुमारी दास, उनके पुत्र ह्रदय दास, तथा पुत्रियां संध्या दास और सोन दास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी संदीप दास अपने परिवार के साथ चंदनपट्टी स्थित मुर्गी फार्म में मजदूरी करता था और वहीं परिवार सहित रह रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार की सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि संदीप दास ने लोहे की रॉड उठाकर पत्नी और बच्चों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में चारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जब मीडिया टीम घटनास्थल पर पहुंची तो कमरे के अंदर चारों तरफ खून बिखरा पड़ा था। घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था, जिसे देखकर लोगों की रूह कांप उठी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी संदीप दास ने मीडिया को बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी खाने में कुछ मिलाकर दे रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया।
वहीं, दरभंगा के पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने प्रथम दृष्टया मामले को पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोग स्तब्ध हैं।
