Breaking News


दरभंगा एलएनएमयू में स्नातक प्रथम खंड कला वाणिज्य व विज्ञान विषयों में छात्र-छात्राएं 26 जून से 15 जुलाई तक नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 16 से 20 जुलाई के बीच ₹100 विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

यह निर्णय शुक्रवार को विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. एसपी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक में कहा गया है कि आवेदित छात्रों के नामांकन फॉर्म में यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो गई हो तो वह प्रतिष्ठा के विषय व चयनित कॉलेजों को छोड़कर अन्य प्रकार की त्रुटियो का ऑनलाइन निवारण 21 जुलाई तक कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय की ओर से 23 जुलाई को नामांकन के लिए आवेदन करने वाले छात्रों की प्रोविजनल सूची जारी की जाएगी जबकि 28 जुलाई को नामांकन के लिए प्रथम सूची जारी की जाएगी, चयनित छात्र 29 जुलाई से 13 अगस्त के बीच कॉलेजों में नामांकन ले सकेंगे जबकि नामांकित छात्रों का वर्ग 16 अगस्त से शुरू होगा, स्नातक प्रथम खंड में नामांकन के लिए अभिभावक नोटरी से शपथ पत्र लेकर संबंधित कॉलेज के प्रधानाचार्य से आवेदन अग्रसित कराकर कुलसचिव से काउंटर साइन करा कर ऑनलाइन अपलोड करेंगे।

इससे पहले बैठक में स्नातक 2022- 25 में नामांकन संबंधित पोर्टल एजेंसी द्वारा डेमो प्रदर्शित किया गया, जिसकी सदस्यों ने सराहना की, डेमो के प्रदर्शन के दौरान कुलपति व सदस्यों ने छात्रों के नामांकन के लिए कई सकारात्मक सुझाव दिए, समिति के निर्णयनुसार स्नातकोत्तर में चालू सत्र से सर्वाधिक आवेदन वाले कुल 14 विषयों में सीटों की बढ़ोतरी प्रदान की गई।

नामांकन समिति की बैठक में प्रतिकुलपति प्रो. डॉली सिन्हा, विज्ञान संकाय अध्यक्ष प्रो. केके झा, वाणिज्य संकाय अध्यक्ष प्रो. बिबिएल दास, सामाजिक विज्ञान प्रो. जितेंद्र नारायण, भौतिकी विभागध्यक्ष प्रो. अरुण कुमार सिंह, एमआरएम कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. रूपकला सिन्हा, एमएलएसएम कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. मंजू चतुर्वेदी, नामांकन परीक्षण समिति के सदस्य प्रो. अशोक कुमार मेहता व डॉ. जिया हैदर, मारवाड़ी कॉलेज से आनंद आदि उपस्थित थे।