#MNN@24X7 दरभंगा, 20 जनवरी। जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में उप विकास आयुक्त श्रीमती अमृषा बैंस की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह के सफल आयोजन के लिए की जाने वाली तैयारी को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की गयी।
    
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष सामान्य वर्ष की तर्ज पर समारोह का आयोजन करने का निर्देश प्राप्त हुआ है।
  
उप विकास आयुक्त ने कहा कि इस वर्ष बीएमपी, जिला पुलिस बल पुरूष व महिला, एनसीसी बॉयज व गर्ल्स, स्कॉउट एंड गाइड, होमगार्ड के जवान,फायर ब्रिगेड एवं बैंड पार्टी परेड में भाग लेंगे।
   
विगत सामान्य वर्षों की तरह इस वर्ष भी संबंधित विभागों द्वारा अपने विभाग की मुख्य योजनाओं पर आधारित झांकियां निकाली जाएंगी।
   
नगर निगम को नगर निगम क्षेत्र अवस्थित महापुरुषों की प्रतिमा की साफ-सफाई करवाने, जिले के सभी स्वतंत्रता सेनानियों को स-समय आमंत्रित करने का निर्देश सामान्य शाखा को दिया गया।
 
जिले के प्रभारी मंत्री, सभी सांसद, विधायक व विधान पार्षद को स-समय समारोह में आमंत्रित करने का निर्देश दिया गया।
  
जिला जन-संपर्क पदाधिकारी को सभी मीडिया प्रतिनिधि को आमंत्रित करने का निर्देश दिया गया।
    
शिक्षा विभाग द्वारा गणतंत्र दिवस के प्रातः शहर में प्रभात फेरी निकाली जाएगी, मुख्य समारोह में शिक्षा विभाग के छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान गाया जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि इस वर्ष पदाधिकारियों की उपस्थिति में महादलित टोलों में झंडोत्तोलन कराया जाएगा, इसके लिए टोलों का चयन कर लिया जाए।
     
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर स्पर्श गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी समर बहादुर सिंह, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा टोनी कुमारी, जिला कल्याण पदाधिकारी मो. असलम अली एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।