Breaking News


#MNN@24X7 पटना। बिहार में ठंड के साथ-साथ कोहरे का भी असर बढ़ गया है। जिस वजह से लोगों को कनकनी भरी ठंड का एहसास हो रहा है। वहीं कोहरे की वजह से यातायात प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सतह से डेढ़ किलोमीटर ऊपर पछुआ और उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह बना हुआ है। जिसकी गति 12 से 14 किलोमीटर प्रति घंटे की है। बीते 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान किशनगंज और जीरादेई में 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। हालांकि दिनभर कुहासा छाए रहने की वजह से पूरे प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

पटना मौसम विभाग केंद्र के मुताबिक की मानें तो प्रदेश में अब ठंड का एहसास बढ़ेगा और कड़ाके भरी ठंड की भी शुरुआत होगी। अगले 24 से 48 घंटे के बीच पूरे प्रदेश में कुहासा का असर बढ़ सकता है और कई जिलों के घने कुहासे से प्रभावित होने की प्रबल संभावना है। कोहरे के समय मौसम विभाग ने लोगों से यातायात में सावधानी बरतने की अपील की है.

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आने वाले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और घना से अत्यधिक घना कोहरा प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दर्ज किया जाएगा।