#MNN@24X7 दरभंगा, शनिवार को पूरे दिन दरभंगा के प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों ने कॉस्मेटिक सर्जरी की के गुर सीखे। कार्यक्रम की शुरुआत दरभंगा मेडिकल कॉलेज के नए लेक्चर थिएटर में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।दरभंगा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ के एन मिश्रा, सुपरिटेंडेंट डॉ अलका झा, विभागाध्यक्ष डॉ सीमा प्रसाद, दरभंगा प्रसुति एवं स्त्री रोग सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ भरत प्रसाद, सेक्रेटरी डॉक्टर माया शंकर प्रसाद, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मीना महासेठ, डॉक्टर कुमुदिनी झा, डॉ पूजा महासेठ, डॉ शशि बाला प्रसाद, डॉ रेनू झा, डॉ राजश्री पूर्वे, डॉ प्रशांत कृष्णा गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

अपने उद्घाटन भाषण में डॉक्टर के एन मिश्रा ने कहा कि ज्ञान का वर्धन आवश्यक है। जिन्होंने अपने परिश्रम से कोई स्किल प्राप्त किया है, उसे दूसरों में बांटने से पुण्य होगा। डॉ राजश्री पूर्वे ने कार्यक्रम का संचालन किया। पटना की आस्था अस्पताल की डॉ नीलू प्रसाद ने कॉस्मेटिक सर्जरी के बारे में व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि बिना काट छांट के लेजर के द्वारा स्त्रियों के बहुत सारे रोगों को ठीक किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रसव के उपरांत कई स्त्रियों को पेशाब रोक पाने में दिक्कत होती है। उन्हें योनि मार्ग में ढीलापन की शिकायत हो जाती है। लेजर के द्वारा इन्हें बिना किसी बेहोशी और औजार इस्तेमाल के ढीक किया जा सकता है। लेक्चर थिएटर में व्याख्यान के उपरांत गायनी के आपरेशन थियेटर में अनेक स्त्रियों को लेजर द्वारा सर्जरी कर ठीक किया गया। यह सारे ऑपरेशन फ्री में किए गए।

इस कार्य हेतु सारे औजार डॉ नीलू प्रसाद की आस्था क्लिनिक द्वारा उपलब्ध कराए गए। इस कार्यक्रम में लगभग 50 प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ ने लेजर सर्जरी सीखी।
दरभंगा में लेजर सर्जरी का यह पहला प्रदर्शन था और इस में भाग लेकर स्त्री रोग विशेषज्ञों को काफी प्रसन्नता हुई। स्त्री रोग विभाग की पीजी छात्रों ने भी इस कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।