#MNN@24X7 पूर्वी चंपारण। मोतिहारी से अंधाधुंध फायरिंग की खबर आ रही है। इस फायरिंग की घटना में एक युवक की मौत हो गई है, वहीं चार युवक जख्मी हैं। जिसमें तीन की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद छतौनी थाना के अलावा कई थाने की पुलिस और टेक्निकल सेल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जख्मियों से घटना की जानकारी ले रही है। जानकारी मिलने के बाद एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की। घटना छतौनी थाना क्षेत्र के मठिया वार्ड नंबर सात में घटी है।

मिली जानकारी के अनुसार छतौनी थाना क्षेत्र के मढिया निवासी देवा साह अपने अन्य साथियों के साथ मिल कर घर के पास ही पान दुकान पर ठंडा पी रहा था। उसके साथ शिकारगंज थाना के चमही का रहने वाला 19 वर्षीय राजा कुमार उर्फ विराट पटेल, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बरकुरवा का रहने वाला मेराज और यश प्रकाश भी वहां ठंडा पी रहा था।

इसी दौरान एक बाइक पर दो की संख्या में आए अपराधियों ने उनलोगों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में फायरिंग में देवा साह के अलावा राजा कुमार उर्फ विराट, मेराज और यश प्रकाश को गोली लग गयी। जबकि उसी दुकान पर ठंडा पीने पहुंचे मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा निवासी 22 वर्षीय प्रिंस को भी गोली लग गई। सभी जख्मियों को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच में जुट गई है।

मृतक प्रिंस कुमार मुजफ्फरपुर का रहने वाला था। वह मठिया निवासी जितेंद्र पासवान के बेटी की आज होने वाली शादी में शामिल होने के लिए आया था। प्रिंस कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दुकान पर आया था और वह कोल्ड ड्रिंक्स पी रहा था, उसी दौरान हुई अंधाधुंध गोली बारी के चपेट में वह आ गया। जिस कारण उसकी मौत हो गई। जिस पान दुकान पर देवा साह पर गोली चली थी, पुलिस ने उस जगह से गोली का 9 खोखा बरामद किया है। पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।