कृषि मौसम सेवा ने किसानों को सतर्क रहने की दी सलाह
#MNN24X7 समस्तीपुर/पूसा, बुधवार:ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, डॉ० राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (आरपीसीएयू), पूसा, समस्तीपुर एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त पूर्वानुमान के अनुसार 18 से 22 मार्च के दौरान उत्तर बिहार के जिलों में मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं।
जारी पूर्वानुमान के मुताबिक इस अवधि में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। खासकर 22 मार्च के आसपास हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है, वहीं कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। हालांकि अन्य दिनों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
तापमान की बात करें तो इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
हवा की गति औसतन 4 से 6 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जो मुख्यतः पुरवा दिशा से चलेगी। वहीं 21 और 22 मार्च के आसपास हवा की रफ्तार में बढ़ोतरी हो सकती है।
सापेक्ष आर्द्रता सुबह के समय 70 से 80 प्रतिशत तथा दोपहर में 25 से 30 प्रतिशत रहने की संभावना जताई गई है।
कृषि मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम के इस बदलाव को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं तथा आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें।
