#MNN24X7 दरभंगा, 29 मार्च 2026 (संवाददाता):
ब्राह्मण काउंसिल ऑफ इंडिया एवं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप क्षत्रिय महासभा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को ग्राम भुसकौल स्थित शंकर प्रसाद सिंह के आवासीय परिसर में सवर्ण समाज की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनिल सिंह ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए ब्राह्मण काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रदेश महासचिव कैलाश कुमार चौधरी ने कहा कि वर्तमान आरक्षण व्यवस्था के कारण योग्यता प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कम अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को अवसर मिल रहा है, जबकि अधिक अंक लाने वाले वंचित रह जा रहे हैं, जिससे देश के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने जातिगत आरक्षण को समाप्त कर आर्थिक आधार पर लाभ देने की मांग की और कहा कि सभी जातियों में गरीब वर्ग मौजूद है, जिन्हें समान अवसर मिलना चाहिए।

श्री चौधरी ने यूजीसी बिल पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे सवर्ण वर्ग को दोयम दर्जे का बनाने की कोशिश की जा रही है तथा शिक्षा व्यवस्था में जातिगत भेदभाव को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने इस बिल का एकजुट होकर विरोध करने की अपील की।

वहीं, क्षत्रिय महासभा के अनुमंडल संयोजक हीरा प्रसाद सिंह ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है, लेकिन एससी/एसटी एक्ट के माध्यम से न्याय व्यवस्था को प्रभावित किया गया है। उन्होंने इसे “काला कानून” बताते हुए कहा कि इससे न्यायिक प्रक्रिया पर असर पड़ता है।

बैठक को धर्मेंद्र सिंह मुन्ना, ललित ठाकुर, सोहन चौधरी, देवचन्द्र झा, सुधीर सिंह, अरुण सिंह, अनिल सिंह, विकास चौधरी एवं गोविंद सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर सत्येंद्र सिंह, अरुण झा, लालन झा, दिलीप सिंह, गोविंद सिंह, रामकुमार सिंह, पंकज सिंह, मधुकांत सिंह, विकास सिंह, शंकर सिंह सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में समाज के विभिन्न मुद्दों पर एकजुट होकर आगे की रणनीति बनाने पर जोर दिया गया।