#MNN24X7 दरभंगा, प्रतिनिधि। जिले के मब्बी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार समिति के पास दया ग्रीन होटल के समीप शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार दो ट्रकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे घंटों की मशक्कत के बाद केबिन से बाहर निकाला जा सका। उसकी स्थिति अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। बताया जाता है कि अंडे से लदा एक ट्रक तेज गति में अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रहे 12 चक्का ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनके परखच्चे उड़ गए।
हादसे के दौरान अंडे से भरे ट्रक का चालक चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि दूसरे ट्रक का चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया। टक्कर के बाद वह कई घंटों तक वाहन के अंदर ही दबा रहा। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया।
घायल चालक को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लगातार इलाज में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे गश्ती पुलिस एवं मब्बी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
