Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा।महाराजाधिराज डॉ. सर कामेश्वर सिंह की 119वीं जयंती समारोह का आज समापन हुआ।

महाराजा कामेश्वर सिंह मेमोरियल अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर, कामेश्वर नगर, दरभंगा में दो दिवसीय मुफ्त चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। जयंती समारोह के समापन समारोह में महाराजा के तेल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पण कर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। समारोह राज दरभंगा एवं कामेश्वर धार्मिक ट्रस्ट के ट्रस्टी कुमार राजेश्वर सिंह एवं कुमार कपिलेश्वर सिंह के सानिध्य में सफलतापूर्वक मनाया गया।

चिकित्सा शिविर में लगभग 200 मरीजों का मुफ्त एलोपैथिक जांच एवं होम्योपैथिक दवा वितरण किया गया। इस शिविर में डॉक्टर शाहिद हुसैन, राज अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर बी. के. सिंह, डॉक्टर प्रशांत सेतु एवं डॉ.एस.के. पंकज, डॉ. सुमित कोले ने मरीजों का इलाज एवं मुफ्त दवा का वितरण किया।

समापन समारोह में वक्ताओं ने कहा कि दानवीर महाराजाधिराज डॉ. कामेश्वर सिंह का जीवन जनसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं मिथिला के विकास को समर्पित था। उनके आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए ही अस्पताल प्रबंधन द्वारा इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने मीडिया के माध्यम से माँग की कि महाराजाधिराज डॉ. कामेश्वर सिंह को भारत रत्न मिले।

वक्ताओं ने कहा कि जब बिहार विधानसभा एवं बिहार विधान परिषद में महाराजाधिराज डॉ. कामेश्वर सिंह को भारत रत्न देने की माँग उठाई जा चुकी है, तो सरकार को इस पर पहल करनी चाहिए। वहीं विधानसभा में पटना के प्रमुख स्थान पर महाराजाधिराज डॉ. कामेश्वर सिंह की प्रतिमा लगे, यह माँग भी उठ चुकी है, उस पर भी सरकार द्वारा पहल की जाए। इस चिकित्सा शिविर को सफल बनाने में अमरकांत झा, रामकृष्ण दास, मुरली शंकर, जितेंद्र ठाकुर, संतोष सिंह, बबलु त्रिगुणायत, दीपक पासवान, नीरज, बुचुन, खुशबू कुमारी, राजू मंडल, मुकेश झा, संतोष झा, नीतीश, अशोक कुमार मंडल, राधा रमण, सौरभ एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित हुए।