दीक्षारंभ कार्यक्रम है, ज्ञान का प्रवेश द्वार- प्रोफेसर रुद्रकांत अमर।

#MNN@24X7 आज,17 अप्रैल, को स्नातकोत्तर दर्शनशास्त्र विभाग,ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में एम.ए. प्रथम सेमेस्टर,2022- 24 के लिए इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विभाग के डॉ प्रियंका राय के द्वारा किया गया।कार्यक्रम के प्रथम खंड में उन्होंने पहले सभी शिक्षकों का परिचय दिया तदुपरांत विद्यार्थियों ने अपना-अपना संक्षिप्त परिचय दिया।

कार्यक्रम के इस चरण में डॉ राय ने छात्र- छात्राओं को स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से सिलेबस की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दूसरे खंड में डॉ राजीव कुमार ने दर्शन के विभिन्न पहलुओं से छात्र- छात्राओं को परिचित कराया तथा विषय के ज्ञान के साथ छात्र- छात्राओं के स्वर्णिम भविष्य हेतु कक्षाओं में छात्र- छात्राओं की शत् प्रतिशत उपस्थिति को आवश्यक बताया।

डॉ संजीव कुमार साह ने दर्शनशास्त्र की चुनौतियों एवं इसमें करियर की संभावना पर अपनी बात रखते हुए छात्र- छात्राओं को कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया जिससे की बच्चे पढ़ाई के साथ अपने भविष्य निर्माण की योजना पर भी बल दे सकें।

विश्वविद्यालय दर्शनशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर रुद्रकांत अमर ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में दर्शन की महत्ता और व्यापकता पर प्रकाश डालते हुए सर्वप्रथम विश्वविद्यालय के कुलपति और प्रति- कुलपति को धन्यवाद और आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस विश्वविद्यालय में उनके सद्- मार्गदर्शन के बिना यह इंडक्शन प्रोग्राम इतने बड़े स्तर पर इतने धूमधाम और सफलतापूर्वक आयोजित किया जाना संभव नहीं था। इस तरह के उन्मुखीकरण कार्यक्रम से छात्राओं का सर्वांगीण विकास होता है।मुझे खुशी है कि हमारे छात्र छात्राएं इस कार्यक्रम में न केवल उपस्थित हुए बल्कि लाभान्वित भी हुए।

डाॅ प्रियंका राय के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के उपरान्त विभाग द्वारा छात्र- छात्राओं को अल्पाहार दिया गया। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यालय सहायक संजय कुमार और खगेंद्र नाथ झा की सराहनीय भूमिका रही। इसकी अंतिम कड़ी में सरकार की तरफ से “स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना” की भी जानकारी दी गई।