#MNN@24X7 दरभंगा: जयनगर से नई दिल्ली जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट ट्रेन के यात्रियों की जान बाल बाल बच गयी। सोमवार को एक बड़ी घटना टल गयी और सभी यात्री अंततः सुरक्षित गंतव्य केलिए रवाना हुए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम दरभंगा से खुलने के बाद लहेरियासराय के पंडासराय रेलवे गुमटी के निकट ट्रेन के पेंट्री कार के निचले हिस्से में अचानक आग लग गयी और ट्रेन रुक गयी। सभी यात्री ट्रेन से बाहर निकल गए और अफरातफरी का माहौल बन गया। किसी ने लहेरियासराय थाना को इसकी सूचना दी जिसके बाद फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों को तुरंत उक्त स्थल पर भेजा गया। साथ ही रेल पुलिस एवं पुलिस की गाड़ी भी पहुंची। तत्काल आग पर काबू पाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेंट्री कार का चक्का जाम होने के कारण चिंगारी निकली और डब्बे के नीचे वाले हिस्से में आग पकड़ लिया। इस अफरातफरी में एक घँटे से ज्यादा ट्रेन रुकी रही। बाद में ट्रेन को समस्तीपुर रवाना किया गया। समस्तीपुर में ट्रेन की पूरी जांच पड़ताल कर उसे आगे रवाना किया जाएगा।

फिलहाल आग लगने के सम्बंध में आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है। इस घटना के विस्तृत एवं आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है।