Breaking News


जन सुराज पदयात्रा के दौरान पश्चिम चंपारण के देवराज पहुंचे प्रशांत किशोर।

#MNN@24X7 बगही, लौरिया, पश्चिम चंपारण। जन सुराज पदयात्रा गुरुवार को पश्चिम चंपारण जिले के बगहा 1 प्रखंड स्थित मझौवा गांव से चलकर लौरिया प्रखंड स्थित बगही गांव पहुंची। आज प्रशांत किशोर और पदयात्रियों ने 30 किमी की पदयात्रा के दौरान 3 प्रखंडों का दौरा किया। बगहा से चल कर रामनगर होते हुए पदयात्रा लौरिया के बगही स्थित राजकीय मध्य विद्यालय पहुंची। यहां पदयात्रियों ने रात्रि भोजन और विश्राम किया। आज की पदयात्रा के दौरान प्रशांत किशोर 6 पंचायतों के 14 गांवों में गए। उन्होंने लोगों का हाल जाना, उनकी समस्याओं से रूबरू हुए और जन सुराज की सोच पर उनके साथ चर्चा की।

बिहार ने NDA को 39 सांसद दिए लेकिन विकास सिर्फ गुजरात में हो रहा है – प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “बिहार का युवा ट्रेनों में भर के बाहर मजदूरी करने जा रहा है। बिहार की जनता को लालू-नीतीश की सरकारों ने पिछले 35 सालों में बेवकूफ बनाने के अलावा और कुछ नहीं किया। बिहार ने मोदी सरकार को 39 सांसद दिए पर मोदी जी ने बिहार को कुछ नहीं दिया। मोदी जी ने कहा था कि चुनाव जीत कर जाएंगे तो मोतिहारी के चीनी मिल का चाय पिएंगे, आज तक वो चीनी मिल चालू नहीं हुआ है।”

लालू-नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू कहते हैं सामाजिक न्याय हुआ, नीतीश कहते हैं आर्थिक विकास हुआ, मान लेते हैं दोनों ठीक कह रहे हैं। तब भी हमारी जो दुर्दशा है वो हमारे आपके सामने है। देश का सबसे गरीब राज्य बिहार, अशिक्षित राज्य बिहार, सबसे ज्यादा बेरोजगार बिहार में, सबसे ज्यादा भुखमरी का शिकार लोग बिहार में हैं। कैसे सुधरेगा बिहार? जब तक हम और आप नहीं सुधरेंगे बिहार नहीं सुधरेगा।

पलायन की समस्या का ज़िक्र करते हुए प्रशांत किशोर ने बताया कि गुजरात के एक शहर सूरत में बिहार के 5 लाख युवा फैक्टरियों में मजदुर का काम कर रहे हैं। गुजरात में मोदी सरकार को 26 सांसद दिए और वहां के लोग फैक्ट्री के मालिक बन रहे हैं। हमने 39 सांसद जीता कर भेजा और हमारा बच्चा उन फैक्ट्रियों में मजदूरी कर रहा है। भाजपा को पता है कि फिर 2024 में भारत-पाकिस्तान, हिन्दू-मुसलमान कर के वोट ले लेंगे। इसी का नतीजा है 500 का सिलिंडर 1350 में खरीदना पड़ रहा है। गलती अगर आप वोट देने में करेंगे तो उसका भुगतान भी आपको और आपके बच्चे को ही करना पड़ेगा। सबसे जरुरी है आपका जागरूक होना, इसलिए जन सुराज पदयात्रा पर निकले हैं।