#MNN@24X7 समस्तीपुर, बिहार विधानसभा के उप मुख्य सचेतक सह समस्तीपुर के स्थानीय विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने भारत सरकार के संचार मंत्री अश्वनी वैष्णव तथा बिहार परिमंडल पटना के मुख्य डाक महाध्यक्ष सुशील कुमार चौधरी को पत्र लिख कर रेल डाक सेवा के अधीक्षक कार्यालय एवं प्रधान अभिलेख कार्यालय, एन.बी.प्रमंडल समस्तीपुर को बरौनी स्थानांतरण करने के विभागीय आदेश पर नाराजगी जाहिर की है।

बिहार विधानसभा के उप मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने अपने पत्र में कहा है कि समस्तीपुर शहर में उक्त कार्यालय वर्ष 1972 से है। इस कार्यालय से 07 जिले का संचालन होता है। भारत सरकार के संचार मंत्रालय के पत्रांक 29-02/2018-D, दिनांक -30.01.2018 के द्वारा बिहार परिमंडल पटना के डाक महाध्यक्ष को निर्देशित किया गया था कि रेल डाक सेवा (RMS), एन.बी.प्रमंडल समस्तीपुर के मुख्यालय को समस्तीपुर से कही अलग स्थानांतरण नहीं किया जाय।

उन्होंने कहा कि संचार मंत्रालय, दिल्ली के उपरोक्त आदेश के बावजूद कार्यालय को बरौनी स्थानांतरण करने का प्रयास किया जाना बेहद आश्चर्यजनक व दुखद पहलू है। अगर रेल डाक सेवा, एन.बी.प्रमंडल समस्तीपुर कार्यालय को समस्तीपुर से बरौनी स्थानांतरण किया जायेगा तो इसके खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष होगा।