Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, 31 अगस्त। दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर ने सोमवार को आकाशवाणी दरभंगा केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र के विभिन्न स्टूडियो का अवलोकन किया और प्रसारण व्यवस्था की जानकारी ली।

सांसद ने आकाशवाणी के अधिकारियों से कार्यक्रमों की गुणवत्ता, प्रसारण में नई तकनीकों के समावेश तथा केंद्र के तकनीकी उन्नयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली और वर्तमान तकनीकी संसाधनों की भी जानकारी ली।

गोपाल जी ठाकुर ने आकाशवाणी दरभंगा के विकास एवं प्रगति में विशेष रुचि व्यक्त करते हुए केंद्र को आधुनिक तकनीक से और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी दरभंगा स्थानीय समाज, संस्कृति, कला, साहित्य और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

सांसद ने स्थानीय समाज और मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से आकाशवाणी के कार्यक्रमों की पहुंच और प्रभाव को और बढ़ाया जा सकता है। दौरे के दौरान केंद्र से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों से विभिन्न विषयों पर जानकारी ली गई।